बंद हो रही है हिंडनबर्ग रिसर्च , अडानी के शेयरों में उछाल

अमेरिकी निवेश और अनुसंधान कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च अब बंद हो रही है। इसके फाउंडर नैट एंडरसन ने बुधवार को यह जानकारी दी और कहा कि जिन प्रोजेक्ट्स पर उनका काम चल रहा था, वे अब पूरे हो चुके हैं। हिंडनबर्ग रिसर्च की शुरुआत 2017 में एंडरसन ने की थी। यह अमेरिकी शॉर्ट सेलिंग फर्म उन कंपनियों की पहचान करने का काम करती थी, जिनमें संभावित कारपोरेट गड़बड़ियां, वित्तीय अनियमितताएं और धोखाधड़ी हो सकती थी।
हिंडनबर्ग ने खोली कई कंपनियों की पोल
हिंडनबर्ग रिसर्च का दावा था कि वह अपनी गहरी रिसर्च के जरिए उन सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाली कंपनियों को बेनकाब करती है, जो निवेशकों को गुमराह करती हैं और शॉर्ट सेलिंग के जरिए मुनाफा कमाती हैं। अब तक, हिंडनबर्ग ने 20 से अधिक बड़ी कंपनियों के खिलाफ सनसनीखेज रिपोर्ट जारी की है, जिनमें अडानी ग्रुप, WINS Finance, Nikola, SC Worx, और Lordstown Motors जैसी कई प्रमुख विदेशी कंपनियां शामिल हैं।
अडानी ग्रुप पर आरोप और शेयरों में गिरावट
साल 2023 में, हिंडनबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर शेयर बाजार में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर स्टॉक में हेरफेर और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। हालांकि, अब अडानी समूह के शेयर हिंडनबर्ग रिसर्च के प्रभाव से बाहर निकलकर तेजी से बढ़ रहे हैं।