दुबई में सोना मुंबई के मुकाबले लगभग 11.58 प्रतिशत सस्ता

कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 14.8 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसे हाल के दिनों में हुई सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक माना जा रहा है। दुबई से एमिरेट्स की फ्लाइट से बेंगलुरु लैंड करने के बाद अभिनेत्री को हिरासत में लिया गया। अब सवाल यह उठता है कि रान्या को दुबई से भारत में गोल्ड लाने की जरूरत क्यों पड़ी? एक अनुमान के अनुसार, दुबई में सोना मुंबई के मुकाबले लगभग 11.5 प्रतिशत सस्ता है।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, तस्करी के सोने में से कुछ रान्या ने खुद पहना हुआ था, जबकि अधिकांश सोने को उसने अपने कपड़ों में छिपाकर रखा था। रान्या पिछले 15 दिनों में चार बार दुबई जा चुकी थीं, जिस पर अधिकारियों का शक गहरा गया था। इस बार रान्या के दुबई से लौटने पर ऑपरेशन चलाया गया।
दुबई में सोने की कीमत
7 मार्च को दुबई में सोने की कीमत 3,260 AED (UAE Dirham) प्रति 10 ग्राम है, जो डॉलर के हिसाब से 887.63 डॉलर प्रति 10 ग्राम और रुपये के हिसाब से 77,281.46 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं मुंबई में सोने की कीमत 87,480 रुपये प्रति 10 ग्राम (करीब 1,003.92 डॉलर) है। इसका मतलब है कि दुबई में सोना मुंबई के मुकाबले करीब 11.58 प्रतिशत सस्ता है। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में न्यूयॉर्क के कमोडिटी एक्सचेंज में सोना 2,908.9 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है, जो दुबई और मुंबई दोनों से ज्यादा है।
सोने पर टैरिफ
दुबई से भारत लाए गए सोने पर कस्टम ड्यूटी सरकार के नोटिफाइड रेट के आधार पर लगती है, जिसे टैरिफ वैल्यू या बेस रेट कहा जाता है। वर्तमान में सोने पर टैरिफ वैल्यू प्रति 10 ग्राम 927 डॉलर है और आयात शुल्क 6 प्रतिशत है, जिसे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2024-25 में 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया है।
दुबई से सोना लाने पर बचत
अगर आप दुबई से सोना लाते हैं, तो 927 डॉलर के सोने पर 6 प्रतिशत ड्यूटी शुल्क लगाया जाएगा, जो 55.62 डॉलर होगा। इस पर कस्टम ड्यूटी देने के बाद प्रति 10 ग्राम आपको 943.25 डॉलर (दुबई में 887.63 डॉलर + 55.62 डॉलर ड्यूटी) चुकाने होंगे, जो रुपये में लगभग 82,119.34 रुपये होते हैं। यह मुंबई में सोने की कीमत 87,480 रुपये से लगभग 5,360 रुपये सस्ता है।