बिना वजूद के भी अजित पवार ने दिल्ली चुनाव में ठोकी ताल

दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए बिगुल बज चुका है और फरवरी महीने में यहां चुनाव होंगे। मुख्य रूप से भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इस चुनाव में मैदान में हैं,लेकिन दिल्ली में कोई वजूद न होने के बावजूद अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी इसमें शामिल हो रही है। यहां के चुनावों के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई है। इसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार और प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरें का नाम शामिल है। हालांकि, विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक रहे मंत्री धनंजय मुंडे का नाम नहीं होने पर कई लोगों की भौंहें चढ़ी हैं। विशेष रूप से, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 20 स्टार प्रचारकों की सूची में अजित पवार के सुपुत्र पार्थ पवार का नाम भी है।
देश की राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसी संदर्भ में भाजपा ने अपने सभी उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की है। भाजपा ने 68 सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान किया है, जबकि 2 सीटें मित्र दलों को दी जाएंगी। दूसरी ओर, अजित पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली विधानसभा के लिए अपनी पूरी तैयारी की है और अब तक 11 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। लेकिन, विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक रहने वाले धनंजय मुंडे और छगन भुजबळ का नाम इस सूची में नहीं है।
बीड जिले के संतोष देशमुख हत्याकांड के कारण मंत्री धनंजय मुंडे वर्तमान में विपक्ष और बीड के लोक प्रतिनिधियों के निशाने पर हैं। इस मामले में विपक्ष उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार, सुनिल तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, फैज अहमद आदि के नाम हैं।