‘दो से ज्यादा बच्चे पैदा करो’, आंध्र प्रदेश सीएम चंद्रबाबू नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर राज्य के परिवारों से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील की है। एक कार्यक्रम में नायडू ने आर्थिक विकास और सामाजिक स्थिरता के लिए जनसंख्या में वृद्धि के महत्व पर जोर दिया। यह कार्यक्रम एसआरएम विश्वविद्यालय द्वारा राज्य योजना विभाग के सहयोग से एसआरएम परिसर में आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर, चंद्रबाबू नायडू ने जनसंख्या प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कार्रवाई की अपील की। उन्होंने प्रत्येक जोड़े से दो से अधिक बच्चे पैदा करने की बात कही और इस कदम को दक्षिणी राज्यों पर परिसीमन के प्रभाव को कम करने में मददगार बताया। कहा जा रहा है कि इस कदम का तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने भी समर्थन किया है।
‘कभी नहीं की बदले की राजनीति’
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी बदले की राजनीति नहीं की और न ही आगे करेंगे। साथ ही, नायडू ने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) का सत्ता में आना राज्य में कानून व्यवस्था को सुनिश्चित करने का पर्याय है।
नायडू ने कहा, "मैं बिल्कुल स्पष्ट हूं। मैंने कभी बदले की भावना से राजनीति नहीं की और न ही अब करूंगा। जो लोग कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करेंगे, उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। मैं फिर से चेतावनी दे रहा हूं, चाहे वह कोई भी हो।"
जगन मोहन रेड्डी पर निशाना
नायडू ने वाईएस जगन मोहन रेड्डी की अगुवाई वाली वाईएसआरसीपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब थी। उन्होंने कहा कि उस दौरान न सरकारी संपत्ति सुरक्षित थी और न ही लोगों की आवाजाही सुचारू रूप से हो पाती थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजग सरकार किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करेगी।