जनता तय करे कहां खर्च हो देश का खजाना ; केजरीवाल का BJP पर हमला

जनता तय करे कहां खर्च हो देश का खजाना ; केजरीवाल का BJP पर हमला
AAP Rally in Delhi

आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रेसवार्ता में जनता से अपील की कि इस चुनाव में उन्हें यह तय करना है कि सरकारी खजाना कहां खर्च होना चाहिए, कैसे खर्च होना चाहिए, और किसके लिए खर्च होना चाहिए। 

केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले पांच सालों में भाजपा सरकार ने 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज 400-500 उद्योगपतियों का माफ किया है। उन्होंने कहा कि जनता को यह तय करना है कि वह दिल्ली में किस मॉडल को अपनाना चाहती है—‘केजरीवाल मॉडल’ या ‘बीजेपी मॉडल’। 

उन्होंने बताया कि सरकारी पैसे खर्च करने के दो तरीके हैं। एक तरीका है, इस पैसे को जनता की कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च किया जाए जैसे स्कूल बनाना, बच्चों को अच्छी शिक्षा देना, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनवाना, महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा देना, सड़कें बनवाना, पेयजल की व्यवस्था करना और 24 घंटे बिजली देना। 

दूसरे तरीके के तहत सरकारी पैसा उद्योगपतियों के कर्ज माफ करने में खर्च किया जाता है, जिससे आम जनता को कोई लाभ नहीं होता। केजरीवाल ने उदाहरण दिया कि भाजपा सरकार ने 500 उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया, जिसमें एक उद्योगपति पर 47,000 करोड़ रुपये का कर्ज था, जिसे माफ कर दिया गया। 

उन्होंने कहा कि यह चुनाव इस बारे में है कि सरकारी पैसा जनता की भलाई के लिए खर्च हो या फिर उद्योगपतियों के फायदे के लिए। केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली सरकार के तहत दिल्ली के लोगों को प्रतिव्यक्ति 25,000 रुपये का लाभ मिल रहा है। अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो यह सारी योजनाएं बंद हो जाएंगी, क्योंकि भाजपा का मॉडल जनता की भलाई के खिलाफ है। 

उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार की आवश्यकता है, क्योंकि हम जनता के पैसे को बचा कर उन्हें जरूरी सुविधाएं मुफ्त में दे रहे हैं। यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो वे दिल्ली सरकार की सारी कल्याणकारी योजनाएं बंद कर देंगे।

Please click the link to watch Media briefing by Arvind Kejriwal