भारत के बाद अमेरिका में भी TikTok बैन

भारत के बाद अमेरिका में भी TikTok बैन
TikTok has been banned in USA

अमेरिका में शनिवार शाम से TikTok  एप का संचालन बंद हो गया है। दरअसल, अमेरिका में टिकटॉक पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है, जिसके बाद इस एप का संचालन कानून प्रभावी होने से पहले ही रोक दिया गया। यूजर्स अब एप पर वीडियो नहीं देख पा रहे हैं, और उन्हें एप पर एक संदेश दिखाई दे रहा है, जिसमें इस प्रतिबंध की जानकारी दी गई है। हालांकि, संदेश में यह भी कहा गया है कि वे जल्द ही वापस आ सकते हैं, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि एप का संचालन फिर से शुरू हो सकता है।

इसके पहले 29 जून, 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की  सरकार ने अचानक टिकटॉक और 58 अन्य चीनी स्वामित्व वाले एप्स पर प्रतिबंध लगा दिया, इसका कारण डेटा सुरक्षा संबंधी चिंताएं बताई गईं। भारतीय सरकार ने टिकटॉक — जो कि चीनी टेक दिग्गज बाइटडांस द्वारा स्वामित्व है — पर डेटा का दुरुपयोग करने और जासूसी के उपकरण के रूप में काम करने का आरोप लगाया।

अमेरिका में टिकटॉक को प्रमुख प्ले स्टोर से भी हटा लिया गया है। अब यह एप न तो एपल के प्ले स्टोर पर और न ही गूगल प्ले स्टोर पर दिखाई दे रही है। अमेरिकी सरकार ने हाल ही में एक कानून पारित किया था, जिसके तहत टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाया गया था। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भी टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस को अमेरिका में एप का संचालन बंद करने का आदेश दिया है। हालांकि, यह भी कहा गया है कि अगर कोई अमेरिकी कंपनी बाइटडांस के शेयर खरीदकर टिकटॉक का संचालन करती है, तो एप का संचालन अमेरिका में जारी रह सकता है। 

19 जनवरी से इस कानून के तहत टिकटॉक पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, और बाइटडांस के शेयर अमेरिकी कंपनियों को बेचने की प्रक्रिया जारी है। पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में थे, लेकिन अब उन्होंने संकेत दिए हैं कि वे टिकटॉक को अमेरिका में जारी रख सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि एलन मस्क बाइटडांस के शेयर खरीद सकते हैं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिका में सुरक्षा चिंताओं के कारण टिकटॉक पर यह प्रतिबंध लगाया गया है, और अमेरिका का आरोप है कि टिकटॉक यूजर्स का डेटा चीन में इकट्ठा कर रहा है। अमेरिका में टिकटॉक के 17 करोड़ यूजर्स हैं।