दिल्ली पुलिस ने रुकवाई AAP की प्रेस कॉन्फ्रेंस; कांग्रेस ने कसा तंज

दिल्ली पुलिस ने रुकवाई AAP की प्रेस कॉन्फ्रेंस; कांग्रेस ने कसा तंज
Sanjay Singh's Press Conference

आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया है कि भाजपा के दबाव में आकर दिल्ली पुलिस ने रविवार को उनकी प्रेसवार्ता रुकवा दी और अरविंद केजरीवाल पर बनी डॉक्यूमेंट्री को पत्रकारों को नहीं दिखाने दिया। आप ने प्रेसवार्ता के लिए आंध्रा एसोसिएशन स्थित गोदावरी ऑडिटोरियम बुक किया था, लेकिन इसे रुकवा दिया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा इस डॉक्यूमेंट्री से डर रही है, जिसमें अरविंद केजरीवाल पर लगाए गए फर्जी आरोपों के बारे में दिखाया गया है। 

आप के नेता संजय सिंह ने प्रेसवार्ता रोकने के विरोध में ऑडिटोरियम के बाहर धरना दिया और अधिकारियों से यह आदेश दिखाने को कहा, लेकिन वे इसे दिखा नहीं सके। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा चाहे जो कर ले, आम आदमी पार्टी डॉक्यूमेंट्री दिखाकर रहेगी। उन्होंने यह भी सवाल किया कि भाजपा इस डॉक्यूमेंट्री से क्यों डर रही है, और चुनाव आयोग से पूछा कि किस आधार पर डॉक्यूमेंट्री दिखाने की अनुमति रद्द की गई।

वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इस डॉक्यूमेंट्री पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि आप सरकार वास्तविक जीवन में विफल रही है, और अब वह चुनाव जीतने के लिए "रील" के सहारे काम करने की कोशिश कर रही है। यादव ने आरोप लगाया कि पहले शराब नीति में भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए सीएजी रिपोर्ट को विधानसभा में पेश नहीं किया गया, और अब निर्दोष साबित करने के लिए डॉक्यूमेंट्री बनाई जा रही है।  उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में खुली लूट की गई और भारी भ्रष्टाचार किया गया, जिससे राजधानी को नशे की दलदल में धकेला गया।  

यादव ने आप संयोजक से सात सवाल भी पूछे हैं:

  1. लाइसेंस देने में घोटाला क्यों?
  2. इंडियन मेड़ फॉरेन लीकर की कीमतों में घोटाला क्यों ?
  3. शराब की गुणवत्ता से भयंकर समझौता क्यों ?
  4. अवैध शराब क्यों बिकने दी गई? सख्त कार्यवाही क्यों नहीं की ?
  5. एंड टू एंड ट्रैकिंग को कमज़ोर क्यों किया गया?
  6. एक्सपर्ट कमेटी की सिफ़ारिशों को कूड़े दान में क्यों डाला?
  7. कुछ ठेकेदारों ने समय के पहले ठेके छोड़ दिए, जिन्हें रीटेंडर नहीं क्यों नहीं किया गया? इससे दिल्ली राज्य में राजस्व का भारी नुकसान हुआ।