रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की सीएम

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार (19 फरवरी, 2025) को रेखा गुप्ता को बीजेपी के दिल्ली विधायक दल का नेता घोषित किया। वह 20 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगी। गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी अन्य महिलाएं हैं जिन्होंने यह पद संभाला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए नेता, केंद्रीय मंत्री और अन्य प्रमुख व्यक्ति 20 फरवरी, 2025 को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इस समारोह से पहले एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संगीत और गीतों की प्रस्तुति होगी। समारोह में लगभग 30,000 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अन्य राज्यों से दिल्ली में तैनात किए गए बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी समारोह में बुलाया गया है।
एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री-निर्वाचित रेखा गुप्ता ने "केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री मोदी, हमारे सभी विधायकों को इस जिम्मेदारी के लिए धन्यवाद" कहा।
उन्होंने कहा, "मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।"
रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे मौजूदा समय में दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। 50 वर्षीय रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी पद पर थे। 1976 में रेखा का परिवार दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। तब उनकी उम्र महज दो साल थी। इसके बाद रेखा की प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक दिल्ली में हुई। रेखा गुप्ता बचपन में पढ़ाई-लिखाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (आरएसएस) के स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ गई थीं। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह दौलत राम कॉलेज में सचिव का चुनाव जीतने में सफल रहीं। 1995-96 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बनीं। रेखा ने इसके बाद एलएलबी तक की पढ़ाई पूरी की।