रणजी ट्रॉफी में वापसी पर फेल हुए रोहित, गिल-पंत , यशस्वी-अय्यर

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा फिलहाल फॉर्म में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलने का निर्णय लिया था। हालांकि, करीब 10 साल बाद रणजी में वापसी पर भी वे असफल रहे। जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मुंबई के मैच में पहली पारी में रोहित केवल तीन रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें उमर नजीर ने डोगरा के हाथों कैच कराया। रोहित 19 गेंद खेल सके।
सिर्फ रोहित ही नहीं, बल्कि यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे का बल्ला भी खामोश रहा। वहीं, पंजाब और कर्नाटक के मुकाबले में शुभमन गिल और दिल्ली-सौराष्ट्र के मुकाबले में ऋषभ पंत भी फ्लॉप साबित हुए। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फिट होने की स्थिति में सभी खिलाड़ियों के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलना अनिवार्य कर दिया है। इसके बाद ही इन खिलाड़ियों ने अपनी अपनी टीमों के लिए खुद को उपलब्ध रखा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में रोहित का बल्ला खामोश रहा था और उन्होंने छह पारियों में महज 93 रन बनाए थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वह पांच पारियों में महज 31 रन बना सके थे। ऐसे में रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी से पहले फॉर्म में वापसी के लिए रणजी में खेलने का फैसला लिया। नवंबर 2015 के बाद वह पहली बार कोई रणजी मैच खेल रहे थे, लेकिन यहां भी वे फ्लॉप रहे। अब उनसे दूसरी पारी में रन की उम्मीद होगी।
रोहित के अलावा टेस्ट में उनके साथी ओपनर यशस्वी जायसवाल भी फ्लॉप साबित हुए। यशस्वी आठ गेंदों में एक चौके की मदद से चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें आकिब नबी ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वहीं, रहाणे 17 गेंद में दो चौके की मदद से 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें उमर नजीर ने क्लीन बोल्ड किया। श्रेयस अय्यर सात गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें युद्धवीर सिंह ने उमर के हाथों कैच कराया। वहीं, शिवम दुबे खाता नहीं खोल सके। रोहित, यशस्वी और श्रेयस के फ्लॉप होने से टीम इंडिया की चिंताएं बढ़ गई हैं। ये तीनों चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। भारत को चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेलनी है। रोहित उस सीरीज में भी कमान संभालेंगे। हालांकि, भारत के अभियान के लिए रोहित का बल्ला चलना बेहद जरूरी है। अगर वह रन बनाते हैं तो भारत को अच्छी शुरुआत मिलेगी।
Please click the link to watch Ranji match
शुभमन गिल चार और पंत एक रन बनाकर आउट हुए
चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित के साथ शुभमन गिल ओपनिंग करते दिख सकते हैं। रणजी ट्रॉफी में रोहित और यशस्वी के अलावा ऋषभ पंत और शुभमन गिल भी खेलते हुए नजर आए। पंत दिल्ली की टीम का और गिल पंजाब की टीम का हिस्सा हैं। कर्नाटक के खिलाफ पंजाब के मैच में कप्तान शुभमन गिल महज चार रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने आठ गेंदों का सामना किया और एक चौका लगाया। वहीं, दिल्ली और सौराष्ट्र के मैच में पंत महज एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। पंत भी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। पंत 10 गेंदों पर एक रन बना सके। उन्हें धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने प्रेरक मांकड़ के हाथों कैच कराया। हालांकि, इस मैच में सौराष्ट्र के रवींद्र जडेजा जरूर चमके और अब तक दिल्ली के दो विकेट ले चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने सनत सांगवान और यश ढुल को आउट किया।