महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड के एसएससी के एडमिट कार्ड जारी

महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन (MSBSHSE), पुणे ने कक्षा 10वीं (एसएससी) के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अब छात्र और छात्राएं अपने स्कूलों के माध्यम से एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए स्कूल प्रशासन को आधिकारिक वेबसाइट mahahsscboard.in पर लॉगिन क्रेडेंशियल्स के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद, छात्र-छात्राओं को संबंधित स्कूल अधिकारियों से अपना एडमिट कार्ड प्राप्त करना होगा। एसएससी परीक्षा की तिथियां पहले ही घोषित की जा चुकी हैं, जो 21 फरवरी से 17 मार्च 2025 तक आयोजित की जाएगी।
स्कूलों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क लेने की अनुमति नहीं है। एक बार एडमिट कार्ड डाउनलोड हो जाने के बाद, स्कूलों को उसे प्रिंट करके हेडमास्टर या प्रिंसिपल के हस्ताक्षर और मुहर के साथ छात्रों को उपलब्ध कराना होगा।
MSBSHSE ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि अगर छात्रों को अपने एडमिट कार्ड में किसी भी जानकारी जैसे नाम, माता का नाम, जन्मतिथि या जन्म स्थान में बदलाव करवाना हो, तो वे ऑनलाइन करेक्शन लिंक का उपयोग कर सकते हैं, जिसके लिए शुल्क लिया जाएगा। "Correction admission card" लिंक के जरिए, छात्र अपनी जानकारी में आवश्यक बदलाव करवा सकेंगे, और संशोधित एडमिट कार्ड संभागीय बोर्ड द्वारा स्वीकृत होने के बाद उन्हें मिलेगा। स्कूलों को विषय या माध्यम में किसी भी संशोधन के लिए सीधे संभागीय बोर्ड से संपर्क करने की आवश्यकता होगी।
परीक्षा की दो शिफ्ट्स
एसएससी परीक्षा दो शिफ्ट्स में होगी। सुबह की शिफ्ट सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक, जबकि दोपहर की शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। हालांकि, कुछ विषयों की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी। छात्रों को परीक्षा हॉल में प्रवेश के लिए अपना हॉल टिकट लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा की शुरुआत भाषा के पेपर से होगी और यह सामाजिक विज्ञान के पेपर के साथ समाप्त होगी।