‘इतिहासकारों ने छत्रपति संभाजी महाराज के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया’- CM फडणवीस

‘इतिहासकारों ने छत्रपति संभाजी महाराज के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया’- CM फडणवीस
Chhava movie scene

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को फिल्म ‘छावा’ की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म छत्रपति संभाजी महाराज की बहादुरी और बुद्धिमत्ता को शानदार तरीके से प्रदर्शित करती है। हालांकि, उन्होंने इतिहासकारों से नाराजगी भी जाहिर की, उनका मानना था कि इतिहासकारों ने छत्रपति संभाजी महाराज के साथ उचित व्यवहार नहीं किया।

मुंबई में मंत्री अदिति तटकरे द्वारा आयोजित फिल्म ‘छावा’ की विशेष स्क्रीनिंग में देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "फिल्म बहुत ही शानदार है। ‘छावा’ फिल्म छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन के बारे में जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण कदम है।"

इस बीच, महाराष्ट्र विधानसभा में समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी को बुधवार को औरंगजेब की तारीफ करने के लिए निलंबित कर दिया गया। आपको याद दिला दें कि इतिहास में छत्रपति संभाजी महाराज को अत्यधिक यातनाएं देने और फांसी का आदेश मुग़ल शासक औरंगजेब ने ही दिया था।

फिल्म ‘छावा’ में विक्की कौशल ने छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका अदा की है। इस फिल्म की कहानी मराठा साम्राज्य के महान संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में विक्की कौशल के अलावा रश्मिका मंदाना, आशुतोष राणा, दिव्या दत्ता, प्रदीप राम सिंह रावत, संतोष जुवेकर, डायना पेंटी जैसे कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। वहीं, औरंगजेब के किरदार में अक्षय खन्ना और कवि कलश के रोल में विनीत कुमार नजर आए हैं।