अक्षय के पिता भी निभा चुके हैं भगवान शिव की भूमिका

सिनेमा के परदों पर अभिनेता अक्षय कुमार ने पहले भी कई बार भगवानों की भूमिका अदा की है, और अब एक बार फिर वह भगवान शिव के रूप में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘कन्नप्पा’ में वह भगवान शिव की भूमिका निभाने वाले हैं। इस भूमिका को लेकर उन्होंने हाल ही में एक कार्यक्रम में अपने अनुभवों को साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि किस तरह उनके पिता को भी भगवान शिव का रोल करने का प्रस्ताव मिला था।
अक्षय कुमार ने मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि जब उनके पिता का ट्रांसफर मुंबई में हुआ था, तब एक व्यक्ति उनके पास आता है और उनसे पूछता है, "क्या आप एक्टिंग करना चाहेंगे?" यह सुनकर उनके पिता चौंक जाते हैं। फिर वह व्यक्ति उन्हें सेट तक लेकर जाता है, जहां उन्हें भगवान शिव की पोशाक पहनाई जाती है। अक्षय कुमार बताते हैं कि उनके पिता की हाइट 6.1 फीट थी, और उनका रोल महज 5-10 सेकंड का था, लेकिन आज उनका बेटा यानी अक्षय कुमार भी भगवान शिव की भूमिका निभाने जा रहा है।
अक्षय कुमार ने यह भी बताया कि 2012 में आई फिल्म 'ओह मॉय गॉड' में उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाने का मौका मिला था। इसके बाद, 2023 में उसी फिल्म का दूसरा भाग रिलीज हुआ, जिसमें उन्होंने भगवान शिव की भूमिका निभाई। अब वह आगामी तेलुगु फिल्म 'कन्नप्पा' में फिर से भगवान शिव का किरदार निभाने वाले हैं। यह फिल्म 25 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म 'कन्नप्पा' की कहानी एक माइथोलॉजिकल फिल्म है, जिसका निर्देशन मुकेश कुमार सिंह ने किया है। फिल्म में विष्णु मांचू कन्नप्पा की भूमिका में हैं, जो भगवान शिव के महान भक्त के रूप में दिखाए गए हैं। इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा अभिनेता प्रभास, मोहनलाल, शिवराज कुमार, नयनतारा, तमन्ना भाटिया, काजल अग्रवाल, आर सरथकुमार, और ब्रह्मानंदम भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।