139 पद्म पुरस्कारों की घोषणा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई

139 पद्म पुरस्कारों की घोषणा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने  दी गणतंत्र दिवस की  बधाई
पद्म पुरस्कार

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई है। इस वर्ष राष्ट्रपति ने 139 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी दी है, जिसमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के नाम शामिल हैं। इस सूची में सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कारों का ऐलान किया गया है। इस बार पुरस्कारों की सूची में गोवा की 100 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी लीबिया लोबो, पश्चिम बंगाल के ढाक वादक गोकुल चंद्र डे, और भारत की पहली महिला कठपुतली कलाकार के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही 30 गुमनाम नायकों को भी सम्मानित किया गया है।

गृह मंत्रालय ने 2025 के पद्म पुरस्कारों की सूची जारी की है, जिसमें कुवैत की योग साधिका शेखा ए जे अल सबा और उत्तराखंड के ट्रैवल ब्लॉगर दंपत्ति ह्यूग और कोलीन गैंटजर का नाम भी शामिल है। यह पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, विज्ञान, व्यापार, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रदान किया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी है और उन्हें प्रेरणादायक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "भारत को उनकी असाधारण उपलब्धियों का सम्मान करने और उनका जश्न मनाने पर गर्व है। उनका समर्पण और दृढ़ता सच में प्रेरणादायक है।"

इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई दी। अपने भाषण में राष्ट्रपति ने भारत की प्राचीन सभ्यता का उल्लेख किया और स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता को याद किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का भी उल्लेख किया और उनकी भूमिका को राष्ट्रीय इतिहास में समुचित महत्व देने की बात की।

Please click the link to listen to President's message