सैफ के हमलावर ने शाहरुख़ के घर की भी की थी रेकी

सैफ के हमलावर ने  शाहरुख़ के घर की भी  की थी  रेकी
सैफ और हमलावर

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाला आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के बारे में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बांग्लादेश का पहलवान है और उसने जिला तथा राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती खेली है। आरोपी का कहना है कि वह बांगलादेश का पहलवान है और उसने कम वजन के वर्ग में कुश्ती खेली थी। जिला और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उसने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पहलवान होने के कारण ही वह सैफ अली खान पर हमला करने में सफल रहा।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपी शहजाद के बारे में अब बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि सैफ पर हमले के बाद आरोपी ने 3 से 4 बार कपड़े बदले थे। घटना के बाद आरोपी विभिन्न स्थानों पर घूम रहा था। वह पहले बांद्रा स्टेशन गया, फिर वहां से दादर, वरली, अंधेरी और बाद में ठाणे गया। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि आरोपी शहजाद पिछले साल सितंबर में मुंबई आया था। पुलिस जांच से एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है, वह यह कि आरोपी शरीफुल ने सैफ अली खान के घर में घुसने से पहले कई अन्य सेलिब्रिटी के घरों की रेकी की थी। आरोपी रिक्षाचालकों से सेलिब्रिटी के घरों की जानकारी प्राप्त करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बांद्रा क्षेत्र में रहने वाले सेलिब्रिटी के घरों की जानकारी रिक्षाचालक से ली थी। शाहरुख खान, सैफ अली खान के अलावा आरोपी ने अन्य कई सेलिब्रिटी के घरों की भी रेकी की थी। 

आरोपी शरीफुल को पुलिस ने रविवार सुबह ठाणे शहर से गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जानकारी दी कि शरीफुल शहजाद को रविवार को ठाणे के कासारवडवली स्थित हिरानंदानी इस्टेट के पास गिरफ्तार किया गया, जो मुंबई के बांद्रा स्थित सैफ के घर से 35 किमी दूर है। छह घंटे की खोजबीन के बाद पुलिस ने ठाणे के जंगलों में स्थित मजदूर कॉलोनी से आरोपी को ढूंढ निकाला। आरोपी शरीफुल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत सुनाई गई है।