यमुना आरती के साथ दिल्ली CM ने पदभार संभाला; विभागों का बंटवारा

दिल्ली सचिवालय में शुक्रवार (20 फरवरी) को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित हुई। इस बैठक के बाद, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू की जाएगी और कैग की 14 रिपोर्ट को आगामी विधानसभा सत्र में पटल पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर कैबिनेट बैठक में चर्चा हुई और सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। यह कदम दिल्ली की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि जो वादे जनता से किए गए थे, उन्हें पूरा किया जाएगा। एक ओर अहम मुद्दे पर, उन्होंने आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी के बयान का जवाब देते हुए कहा कि "सरकार हमारी है, काम हमारा है, हमें करने दीजिये।" साथ ही, उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब आतिशी की सरकार थी, तो उन्होंने क्या किया।
कैबिनेट बैठक से पहले, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना नदी के किनारे वासुदेव घाट पर अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ यमुना आरती की। दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना नदी की सफाई और प्रदूषण एक बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया था, और अब मुख्यमंत्री ने इसे अपनी प्राथमिकताओं में शामिल कर लिया है। यमुना की सफाई के लिए एक विस्तृत योजना बनाई जाएगी, जिसमें सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
यमुना आरती के बाद, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "आज मां यमुना की आरती करते हुए हमने संकल्प लिया कि हम मां यमुना को उनके पुराने, साकार रूप में लाने के लिए काम करेंगे और दिल्ली को यमुना मां का आशीर्वाद दिलवाने की पूरी कोशिश करेंगे।"
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी यमुना आरती के बाद कहा, "हमने न केवल यमुना की सफाई का संकल्प लिया है, बल्कि जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा करने का भी वचन लिया है।"
दिल्ली में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा
रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री
वित्त, योजना, सामान्य प्रशासन विभाग (GAD), महिला एवं बाल विकास (WCD), सेवाएँ, राजस्व, भूमि और भवन, सूचना एवं जनसंपर्क (I&PR), सतर्कता, प्रशासनिक सुधार (AR).
अन्य कोई भी विभाग जो अन्य मंत्रियों को आवंटित नहीं किया गया है.
प्रवेश साहिब सिंह, मंत्री
लोक निर्माण विभाग (PWD), विधान मामलों, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण (I&FC), जल, गुरुद्वारा चुनाव।
आशीष सूद, मंत्री
गृह, विद्युत, शहरी विकास (UD), शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा।
सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, मंत्री
खाद्य एवं आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण, उद्योग
रविंदर सिंह (इंद्राज), मंत्री
सामाजिक कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, सहकारिता, चुनाव
कपिल मिश्रा, मंत्री
विधि एवं न्याय, श्रम विभाग, रोजगार विभाग, विकास, कला एवं संस्कृति, भाषा विभाग, पर्यटन विभाग
डॉ. पंकज कुमार सिंह, मंत्री
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी
Please click the link to listen to CM Rekha Gupta