दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार खत्म

दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार का रविवार (3 फरवरी) को शाम छह बजे समापन हो गया है। 5 फरवरी को वोटिंग होगी और इसके परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी प्रमुख राजनीतिक दलों और उनके दिग्गज नेताओं ने जनता से संपर्क साधने की पूरी कोशिश की। इस दिन दिल्ली के 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
एग्जिट पोल पर क्या होगी रोक
निर्वाचन आयोग ने 5 फरवरी को सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6:30 बजे तक एग्जिट पोल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय द्वारा एक आदेश जारी किया गया है। आयोग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि चुनाव के दिन प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया या किसी भी अन्य माध्यम से एग्जिट पोल, ओपिनियन पोल या किसी अन्य प्रकार के चुनाव सर्वेक्षण के परिणामों पर रोक रहेगी।
मतदान के लिए तैयार हैं 13,766 पोलिंग स्टेशन
दिल्ली में मतदान के लिए कुल 13,766 पोलिंग स्टेशन तैयार किए गए हैं। इनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। विशेष रूप से दिव्यांग मतदाताओं के लिए 733 पोलिंग बूथ निर्धारित किए गए हैं।
घर से मतदान करने वाले 6,980 लोग
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को घर से मतदान करने की सुविधा दी गई थी, जिसके तहत 7,553 पात्र मतदाताओं में से 6,980 लोगों ने पहले ही अपने वोट डाल दिए हैं। घर से मतदान की यह सुविधा 24 जनवरी से शुरू हुई थी और 4 फरवरी तक जारी रहेगी।
आचार संहिता उल्लंघन के 1,000 से ज्यादा मामले
दिल्ली चुनावों के लिए आचार संहिता 7 जनवरी को लागू की गई थी। इसके उल्लंघन के अब तक 1,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, और 33,434 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
220 कंपनियां तैनात पारा मिलिट्री की, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव आयोग ने दिल्ली में सुरक्षा के लिहाज से पारा मिलिट्री फोर्स की 220 कंपनियों को तैनात किया है। इसके अलावा 19,000 होम गार्ड्स और 35,626 दिल्ली पुलिस के जवान भी चुनावी सुरक्षा में लगे हुए हैं।