दिल्ली में महिलाओं का मिलेंगे प्रतिमाह 2500 रुपये

दिल्ली कैबिनेट ने महिला दिवस के अवसर पर महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये का आवंटन मंजूर किया है। इस योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये दिए जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को इस योजना का एलान किया।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में संबोधन करते हुए केंद्रीय मंत्री और भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "आज हमारी सरकार का ध्यान women led development पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नारी सशक्तिकरण के लक्ष्य के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका मानना है कि जब नारीशक्ति का विकास होता है, तो पूरी दुनिया का विकास होता है। यही कारण है कि भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा नारीशक्ति को मूल रूप में मानकर आगे बढ़ाया है।"
नड्डा ने दिल्ली में भाजपा की जीत के पीछे महिलाओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, "दिल्ली में अगर महिलाओं का साथ नहीं मिलता तो भाजपा की जीत संभव नहीं हो पाती। महिला दिवस पर मैं नारी सशक्तिकरण को नमन करता हूं और दिल्ली की महिलाओं को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई है। यह जीत महिलाओं के आशीर्वाद और सहयोग से ही संभव हो पाई है।"
इस दौरान, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा, "केवल भाजपा ही है जो महिलाओं का सम्मान करती है। कांग्रेस के समय जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं, तब उनके अलावा कोई अन्य महिला कैबिनेट में नहीं थी। वहीं, आप की सरकार में महिला सांसद को घर पर बुलाकर पीटा जाता था।"
रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि दिल्ली के हर जिले में वन स्टॉप सेंटर बनाए जाएंगे और महिलाओं के लिए पिंक शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो वादे महिलाओं से किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा।