'मुंबई में कांग्रेस की स्थिति अब ठीक नहीं है '

'मुंबई में कांग्रेस की स्थिति अब ठीक नहीं है '
Deserted MPCC office in Mumbai

मुंबई कांग्रेस के नेता भाई जगताप ने कांग्रेस पार्टी की स्थिति को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में विशेष रूप से मुंबई में कांग्रेस की स्थिति अब ठीक नहीं है और अगर पार्टी के आलाकमान ने इस पर ध्यान नहीं दिया, तो पार्टी के भीतर और बाहर के लोग अपनी-अपनी राजनीति करते रहेंगे। जगताप का कहना था कि मुंबई में कांग्रेस के पुराने और कद्दावर नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है, जो पार्टी के लिए लंबे समय से काम कर रहे थे।

उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि एक विचारधारा है, और यह देश की आत्मा है। दुर्भाग्य से, जिन वरिष्ठ नेताओं ने 40-45 साल तक कांग्रेस के लिए काम किया, उन्हें अब नजरअंदाज किया जा रहा है।" 

जगताप ने यह भी कहा कि अगर पार्टी आलाकमान ने इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। उनका मानना था कि कांग्रेस के लिए यह समय की मांग है कि पार्टी को पुनः मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, खासकर मुंबई और महाराष्ट्र में। 

जगताप ने 2019 के लोकसभा चुनाव की हार का जिक्र करते हुए कहा कि तब राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था और अब पार्टी आलाकमान को यह तय करना चाहिए कि मुंबई और महाराष्ट्र में कांग्रेस को फिर से कैसे मजबूत किया जाए। उनका स्पष्ट इशारा था कि महाराष्ट्र और मुंबई के अध्यक्षों को इस्तीफा देना चाहिए.