अमेरिका में सेक्स चेंज पर ट्रम्प ने लगाया बैन

अमेरिका में लिंग परिवर्तन को लेकर अब नया विवाद सामने आया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में लिंग परिवर्तन कानून पर साइन करके 19 वर्ष से कम आयु के लोगों के लिए लिंग परिवर्तन को प्रतिबंधित करने वाला एक कार्यकारी आदेश जारी किया है। इसके तहत, अब अमेरिकी नागरिक 19 साल से कम उम्र में लिंग परिवर्तन नहीं करवा सकेंगे। ट्रंप ने इस आदेश के माध्यम से यह साफ किया है कि अमेरिका की नीति यह है कि वह किसी भी बच्चे के एक लिंग से दूसरे लिंग में तथाकथित "परिवर्तन" को वित्तीय रूप से सहायता नहीं करेगा, न ही इसे प्रायोजित करेगा, न ही इसे बढ़ावा देगा। उनका कहना था कि इस प्रकार की जीवन-परिवर्तनकारी और विनाशकारी प्रक्रियाओं को प्रतिबंधित या सीमित करने वाले सभी कानूनों को सख्ती से लागू किया जाएगा।
इस आदेश का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कम उम्र में लिंग परिवर्तन जैसी प्रक्रियाओं से बच्चों की जीवनशैली पर गलत प्रभाव न पड़े और उनका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य खतरे में न पड़े। ट्रंप के इस फैसले से यह साफ हो गया कि वह लिंग परिवर्तन से जुड़ी प्रक्रियाओं के खिलाफ हैं, खासकर बच्चों के मामले में।
इसके अलावा, ट्रंप ने ट्रांसजेंडर को लेकर भी एक और सख्त कदम उठाया है। उन्होंने हाल ही में पेंटागन को निर्देश दिया है कि वह ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को सैन्य सेवा से प्रतिबंधित करने के बारे में समीक्षा करें। इससे पहले, ट्रंप ने एक अन्य एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किया था, जिसमें अमेरिकी सरकारी कागजातों से ट्रांसजेंडर के ऑप्शन को हटा दिया गया था।
इन निर्णयों ने ट्रंप के राजनीतिक दृष्टिकोण को लेकर फिर से बहस छेड़ दी है और अमेरिका में ट्रांसजेंडर और लिंग परिवर्तन से जुड़ी नीतियों पर विरोध और समर्थन दोनों ही पक्षों की प्रतिक्रियाएँ आ रही हैं।